पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजयेपी के नाम से संस्कृति पुरस्कार देगी यूपी की योगी सरकार!
लखनऊ। यूपी की योगी सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को संस्कृति पुरस्कार से सम्मानित करेगी। अखिलेश यादव की सरकार में यश भारती पुरस्कार को समाप्त करने के बाद संस्कृति विभाग ने इसकी कवायद शुरू करेगी।
बजट 2021 के लिए इस पुरस्कार का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज दिया गया है। बता दें कि, यूपी सरकार के पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नीलकंठ तिवारी ने फरवरी में इस पुरस्कार की घोषणा की थी। विभाग ने 25 विभूतियों को पुरस्कार देने का प्रस्ताव तैयार किया है।
पहला पुरस्कार पांच लाख रुपये पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर देने का प्रस्ताव है। शेष 24 पुरस्कार में दो-दो लाख रुपये की राशि देने की योजना थी। बता दें कि, अखिलेश यादव की सरकार में यश भारती पुरस्कार में 11-11 लाख रुपये दिए जाते थे।
50 हजार रुपये महीने पेंशन भी दी जाती थी। यूपी में योगी सरकार बनने के बाद यश भारती पेंशन बंद कर दिया था। बाद में इसे घटाकर 25 हजार रुपये महीने कर दिया।
बता दें कि पिछले दिनों एक आयोजन में अखिलेश यादव ने कहा था कि सपा सरकार ने खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार व उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान राशि के साथ ही यशभारती पुरस्कार देने की व्यवस्था की थी। इसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया। प्रदेश में सपा सरकार आने पर ये पुरस्कार व सम्मान फिर से दिए जाएंगे।