बिना हेलमेट बाइक चलाना विवेक ओबेरॉय को पड़ा भारी, मुंबई पुलिस ने कसा शिकंजा
मुंबई। बिना हेलमेट बाइक चलाना बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय को भारी पड़ गया है। ट्रैफिक पुलिस ने विवेक ओबेरॉय की गाड़ी का चालान कर दिया है। वहीं, इसके बाद विवेक ओबेरॉय को अपनी गलती का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने ट्वीट कर लोगों से बाइक चलाते समय हेलमेट और मास्क पहनने की अपील की है।
विवेक ओबेरॉय ने ट्विटर पर लिखा है कि, प्यार हमें किस मोड पे ले आया! निकले थे नई बाइक पर हम और हमारी जान, बिना हेलमेट के कट गया चालान! धन्यवाद मुंबई पुलिस मुझे यह अहसास कराने के लिए सेफ्टी सबसे जरूरी है। सेफ रहें हेल्मेट और मास्क पहनें।
बता दें कि, विवेक ओबरॉय ने बिना हेलमेट के बाइक चलाने का वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। इस वीडियो में दिख रहा है कि वह बिना हेलमेट और मास्क के बाइक चला रहे थे। इस दौरान उनके पीछे उनकी पत्नी बैठी हुई थी। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को मुंबई पुलिस को सोशल एक्टिविस्ट डॉ बीनू वर्गीस द्वारा ट्विटर पर विवेक ओबेरॉय का बिना हेलमेट के बाइक चलाने की शिकायत मिली, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।
मुंबई पुलिस ने अभिनेता विवेक ओबेरॉय पर आईपीसी की धारा 188, 269, मोटर वेहिकल एक्ट की धारा 129, 177 और एपेडमिक एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। यह मामला जुहू पुलिस ने दर्ज किया है। मुंबई पुलिस की एक बड़े अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।