गंगा में मिले शवों पर बोलीं प्रियंका-सरकार छवि बनाने में व्यस्त है जबकि लोग अकल्पनीय पीड़ा से गुजर रहे हैं
लखनऊ। कोरोना संकट के दौरान गंगा नदी में बहते हुए शवों के मिलने के मामले को लेकर सियासत गर्म हो गयी है। विपक्ष इसको लेकर सरकार को घेरने में जुटा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में इसकी जांच की जाए। साथ ही कहा कि जो हो रहा है वह ‘अमानवीय एवं आपराधिक’ है।
प्रियंका गांधी ने ट्ववीट का कहा कि, उत्तर प्रदेश में जो हो रहा है वह अमानवीय एवं आपराधिक है। सरकार छवि बनाने में व्यस्त है जबकि लोग अकल्पनीय पीड़ा से गुजर रहे हैं।’ प्रियंका गांधी ने कहा कि इन घटनाओं की उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में तत्काल न्यायिक जांच होनी चाहिए।
बता दें कि, प्रदेश के कई जिलों में गंगा नदी में शवों के मिलने को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। इसको लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। इसके साथ ही प्रियंका ने ट्ववीट कर कहा है कि, बलिया और गाजीपुर में गंगा में शव बहते मिल रहे हैं। उन्नाव में नदी के किनारों पर बड़े पैमाने पर शवों को दफन किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
प्रतीत होता है कि लखनऊ, गोरखपुर, झांसी और कानपुर जैसे शहरों से आधिकारिक संख्या काफी कम बताई जा रही हैं। गौरतलब है कि, यूपी के साथ ही बिहार और मध्यप्रदेश में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसको लेकर कई सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ये शव कहां से आ रहे हैं और किसने इन शवों को नदी में फेंका है?