UP Election 2022: अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर यूपी चुनाव लड़ेगी भाजपा, गठबंधन का ऐलान
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी रणनीति बनाने में जुटी हैं। युवा वोटरों को लुभाने के साथ ही जातिय समीकरण भी साधने की कोशिश कर रहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी इसमें सबसे आगे हैंं शुक्रवार को भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऐलान किया कि वो निषाद पार्टी के साथ गठबंधन करेगी और दोनों के साथ मिलकर चुनावी मैदान में उतरेगी।
साथ ही ये स्पष्ट हो गया कि सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही यूपी चुनाव लड़ा जाएगा। इस दौरान यूपी भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वो तीन दिनों से यूपी दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी के साथ गठबंधन है। विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान हम पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अपना दल भी इस गठबंधन में शामिल रहेगी। उन्होंने कहा कि बहुत सारी राजनीतिक ताकत को भाजपा ने अपने साथ जोड़ा है। चुनाव का ताना बाना बुना है।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उत्तर प्रदेश और भारत की शिक्षा का गहरा संबंध है। तीनों दिनों में यूपी के अंदर ये महसूस किया कि यहां की जनता को पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ पर अटूट भरोसा है। भाजपा के चुनाव प्रभारी ने कहा कि, हम सभी समाज और समुदाय को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे। निषाद पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे पर सही समय पर निर्णय होगा।
अन्य कई दलों से बात चल रही हैं। वहीं, इस दौरान यूपी के भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने तीन दिन से बैठक कर चुनाव को लेकर मार्गदर्शन किया है। संजय निषाद के साथ पहले से गठबंधन है। 2022 में दोनों दल मिलकर ताकत के साथ योगी मोदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव लड़ेंगे। 2022 में निषाद पार्टी के गठबंधन से सरकार बनेगी।