UP Election 2022: अखिलेश यादव को लगा बड़ा झटका, सपा विधायक सुभाष पासी भाजपा में हुए शामिल
UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। नेताओं का दल बदल शुरू हो गया है। बीते दिनों बसपा और सपा को बड़ा झटका लगा था। बसपा के 6 और भाजपा के एक विधायक ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। वहीं, आज अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगा है।
दरअसल, सपा विधायक सुभाष पासी ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। भाजपा के यूपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें सदस्यता दिलाई। हालांकि, इससे पहले अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से निष्काषित कर दिया था। पार्टी की तरफ से बताया गया है कि वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। इस कारण उन्हें समाजवादी पार्टी से निकाला गया।
बता दें कि सुभाष पासी गाजीपुर जिले की सैदपुर विधानसभा सीट से सपा के विधायक थे। बताया जा रहा है कि, सुभाष ने 2017 में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विद्यासागर सोनकर को हराया था। 2017 के चुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी लेकिन सुभाष पासी आसानी से जीत गए थे।
सुभाष पासी मूल रूप से मालवीय नगर, नगर पंचायत सैदपुर, के रहने वाले हैं उनकी पत्नी रीना पासी जिला पंचायत की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 1975 में पुणे बोर्ड महाराष्ट्र से हाईस्कूल तक की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2012 में चुनाव लड़े और विधायक बन गए। इनका मुख्य कारोबार मुंबई में है और परिवार के साथ वहीं रहते हैं।