बेबीरानी मौर्य को डिप्टी सीएम बनाकर BJP बढ़ाएगी मायावती की परेशानी, जानिए पूरा समीकरण?
लखनऊ। योगी सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां तेज हो गईं हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही योगी सरकार के मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चाएं होने लगी हैं। मंत्रिमंडल में कौन—कौन शामिल होगा इसको लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। आगरा ग्रामीण सीट से जीतने वाली विधायक बेबी रानी मौर्य के नाम की सबसे ज्यादा चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि इस बार उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
दरअसल, कुछ दिनों पहले ही उन्होंने उत्तराखंड के राज्यपाल के पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से भाजपा ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारा था। बताया जा रहा है कि बेबीरानी मौर्य को डिप्टी सीएम बनाए जाने के बाद भाजपा दलित वोटों में सेंध लगाने की कोशिश करेगी। बता दें कि, मौर्य उसी जाटव समाज से आती हैं, जिसका ताल्लुक बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती का है।
इस सियासी स्थिति को विस्तार से समझते हैं। बता दें कि, भाजपा बेबीरानी मौर्य को डिप्टी सीएम बनाकर मायावती की परेशानियां बढ़ा सकती है। आगरा की महापौर रह चुकी मौर्य ने ग्रामीण सीट से 2022 विधानसभा चुनाव में 76 हजार से ज्यादा मतों से जीत दर्ज की है। उनके अलावा डिप्टी सीएम के रूप में भाजपा के प्रदेश प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह का नाम भी चर्चाओं में है।
जानिए बेबी रानी मौर्य के बारे में
बता दें कि, दलित जाटव बिरादरी से बेबीरानी मौर्य आती हैं। वो 1995 से 2000 तक आगरा की महापौर रहीं। उन्हें साल 2018 में उत्तराखंड का राज्यपाल बनाया गया था। खास बात है कि पहाड़ी राज्य में राज्यपाल बनने वाली मौर्य दूसरी महिला हैं। इससे पहले मार्गरेट अलवा को 2009 में यह जिम्मेदारी दी गई थी।