भाजपा सरकार के 100 दिनों में सत्ता के दुरुपयोग से लोकतंत्र हुआ कमजोर : अखिलेश यादव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का आज 100 दिन पूरा हुआ है। इस मौके पर सीएम योगी ने अपनी सरकार के किए गए कामों को बताया। इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के 100 दिन होने पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 100 दिनों में सत्ता के दुरुपयोग से लोकतंत्र और कमजोर हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी सराकर द्वारा बताई गई उपलब्धियां झूठी है और ये भाजपा की फरेबी राजनीति का हिस्सा है। भाजपा को अपना गोरखधंधा बंद कर देना चाहिए। अब प्रदेश की जनता भाजपा की सरकार की सच्चाई को समझ चुकी है। भाजपा का झूठ का व्यापार अब नहीं चल सकेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सपने खूब दिखाती है लेकिन जमीन पर ये योजनाएं देखने को नहीं मिलती है। अभी तक इस सरकार ने अपने किए गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया है। वैसे भी झूठ फरेब की राजनीति का जीवन लम्बा नहीं होता है।
सरकार के सौ दिन अन्याय, अत्याचार, अपराध, अहंकार, लूट, हत्या, दलाली, भ्रष्टाचार के रूप में जाने जाएंगे। इन सौ दिनों में जनता कराह उठी है। भाजपा ने यूपी को क्राइम स्टेट बना दिया है। थाने और तहसीलें दलाली के अड्डे बन गए हैं। आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं है। हर वर्ग परेशान है।