कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में पहले से कुछ सुधार, पीजीआई पहुंचकर सीएम योगी ने हालचाल जाना
लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में पहले से कुछ सुधार हुआ है। उनका उपचार संजय गांधी आयुर्विज्ञान (SGPGI) में चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि पहले से उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने के लिए पीजीआई पहुंचे। पीजीआई पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।
बताया जा रहा है कि उनकी चैतन्यता की स्थिति में पिछले कुछ दिनों से हल्का सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री के समक्ष उन्होंने आंखें खोलीं और ‘कैसे हैं’ पूछने पर हल्की प्रतिक्रिया दी। वहीं, इस दौरान कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर भी उनके साथ मौजूद रहे। बता दें कि, पीएम मोदी भी कल्याण सिंह के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने सीएम योगी से फोन पर वार्ताकर देखभाल करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही उनके पुत्र से भी बातचीत कर स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। बता दें कि, तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें लोहिया में भर्ती कराया गया था, जहां कोई सुधार नहीं होने पर उन्हें पीजीआई में शिफ्ट किया गया है।
उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन के आईसीयू में भर्ती किया गया है। वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार का निरीक्षण कर रही है। पीजीआई ने हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि उनकी चैतन्यता की स्थिति में पिछले दिन की तुलना में हल्का सुधार हुआ है। गौरतलब है कि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ स्थित लोहिया अस्पताल पहुंचकर कल्याण सिंह का हालचाल पूछा था।