UP Fire stations inaugurated: सीएम योगी ने किया 25 फायर स्टेशनों का लोकार्पण, कहा-विकास के पथ पर बढ़ रहा प्रदेश
UP Fire stations inaugurated: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज 18 जिलों के 25 फायर स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, माननीय जनप्रतिनिधियों की सर्वाधिक मांग अपने क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र की स्थापना की होती है। इसी क्रम में विगत 05 वर्ष में पूरे प्रदेश में 97 अग्निशमन केंद्र स्वीकृत किए गए, जिसमें आज 25 केंद्रों का लोकार्पण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि, उत्तर प्रदेश में मुख्य अग्निशमन अधिकारी, फायर मैन व FSSO के लगभग 3,000 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा करके उनकी ट्रेनिंग हो रही है। मुझे प्रसन्नता है कि हम लोगों ने विगत 05 वर्ष में इस विभाग के 838 कार्मिकों को प्रोन्नति भी दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि, विगत 05 वर्षों में 1.5 लाख से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रदेश में की गई है। प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था से निवेश में बढ़ोतरी हुई है।
प्रदेश के प्रति लोगों की धारणा बदली है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि, विकास के पथ पर निरंतर बढ़ता हुआ उत्तर प्रदेश आज देश व दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। देश व दुनिया में सुरक्षित प्रदेश के रूप में नजीर प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहेा कि, विगत 05 वर्षों में 241 अग्निशमन वाहन क्रय किए गए हैं। यूपी सरकार ने अपने स्तर पर सुविधाओं को और मजबूत किया है। ड्रोन का उपयोग आज की आवश्यकता है।
उस दिशा में हमें खुद को तैयार करना होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि, किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने में सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि हम जनहानि न्यूनतम करने में कितने प्रभावी रहे।जितना इसमें सफल होंगे, हमारी सर्विसेज उतनी बेहतर होंगी। उत्तर प्रदेश फायर सर्विस को SDRF व SDMA के साथ बेहतर समन्वय करना चाहिए।
सभी 819 विकासखंडों में 91,000 अग्नि सचेतक बनाए गए हैं। मुझे प्रसन्नता है कि उनके बेहतर प्रशिक्षण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमारा प्रयास है कि अगले 02 वर्षों में हर तहसील में अग्निशमन केंद्र की स्थापना कर ली जाए। प्रयास होना चाहिए कि विकास खंड स्तर पर भी कुछ ऐसी व्यवस्था हो कि न्यूनतम खर्चे पर लोगों को इस संबंध में बेहतर सेवा दी जा सके।